मुरैना जिले में गोली मारकर पांच लोगों की हत्या, कुछ अन्य घायल

मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के लेपा गांव में आज पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार से संबंधित पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी और तीन चार अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने प्रारंभिक जानकारी के हवाले से बताया कि सिहोनिया थाना क्षेत्र के तहत आने वाले लेपा गांव में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों पर लाठियों और हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ से संघर्ष हुआ। संघर्ष में गोली लगने से दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गयी। तीन चार अन्य लोगों के घायल होने की सूचना मिली है।

सूत्रों ने कहा कि संघर्ष की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दल बल के साथ मौके पर रवाना हो गए हैं। लेपा गांव के पास ही एक अन्य गांव स्थित है, जो एक समय चंबल के बीहड़ों के कुख्यात दस्यु सरगना के गांव से जुड़ा हुआ बताया गया है।