अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रोडवेज की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा

जयपुर, 01 मार्च (वार्ता) अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस (आठ मार्च ) पर महिलाएं एवं बालिकाएं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस संबंध में प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार यह यात्रा राजस्थान की सीमा में राजस्थान रोडवेज की समस्त साधारण एवं द्रुतगामी बसों में मिलेगी। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य में लगभग 8.50 लाख महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा यात्रा करने का अनुमान है। इस पर लगभग 7.50 करोड़ रुपए का वित्तीय भार अनुमानित है।