पिथौरागढ़ से मुनस्यारी व धारचूला के लिए 1 अक्टूबर से हेली सेवा शुरू

पिथौरागढ़ से मुनस्यारी व धारचूला के लिए 1 अक्टूबर से हेली सेवा शुरू
पिथौरागढ़ से मुनस्यारी व धारचूला के लिए 1 अक्टूबर से हेली सेवा शुरू

उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से मुनस्यारी और धारचूला तक हेली सेवा 1 अक्टूबर से शुरू की जाएगी। यह सेवा केंद्र सरकार की उड़ान योजना के अंतर्गत चलाई जा रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद हैरिटेज एविएशन ने संचालन की तैयारियाँ तेज कर दी हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर राज्य में हेली सेवाओं के विस्तार का अनुरोध किया था। इसके बाद मंत्रालय ने पिथौरागढ़ से मुनस्यारी और धारचूला मार्ग का संचालन हैरिटेज एविएशन को सौंप दिया है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सीईओ आशीष चौहान ने जानकारी दी कि यह सेवा 1 अक्टूबर से आम जनता के लिए उपलब्ध होगी। इस पहल से न केवल सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय निवासियों को भी तेज और सुविधाजनक यातायात का लाभ मिल सकेगा।