HOLI CELEBRATION: मुख्यमंत्री निवास में बिखरे होली के रंग

HOLI CELEBRATION
मुख्यमंत्री निवास में बिखरे होली के रंग
HOLI CELEBRATION, 09 मार्च (वार्ता)- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास पर होली पर्व पर उल्लास के रंग बिखरे। इस दौरान अनेक नागरिक, कार्यकर्ता और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी की। कल आयोजित कार्यक्रम में होली के अनेक गीत प्रस्तुत किए गए। ढोल की थाप पर नृत्य प्रस्तुत करने के लिए सभी उत्साहित थे। प्राकृतिक रंग और गुलाल का प्रयोग किया गया। बृज की पारंपरिक फूलों की होली भी खेली गई। मथुरा-वृंदावन की सांस्कृतिक मंडली ने गीत और नृत्य प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि होली उमंग, उल्लास, आनंद और मस्ती का पर्व है। प्रदेश के प्रथम सेवक होने के नाते उनका संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशियों के रंग शामिल हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के अनुसार हम प्रदेश और देश के विकास के लिए मिल कर कार्य करें। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना लागू होने से पात्र बहनों को हर महीने 1000 रूपये की राशि प्राप्त होगी। इस वर्ष होली पर ही इस योजना ने बहनों को दीपावली का अहसास भी करवा दिया है।

HOLI CELEBRATION: मुख्यमंत्री निवास में बिखरे होली के रंग

मुख्यमंत्री चौहान ने उपस्थित नागरिकों को होली पर्व की बधाई और शुभकामनाएँ दी। इस मौके पर रंग और गुलाल लगा कर सभी ने पर्व को उल्लास और आनंद से मनाया। इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल, पार्टी के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, किसान संगठन के दर्शन सिंह, विधायक रामपाल सिंह, रामेश्वर शर्मा, पी.सी. शर्मा, पूर्व महापौर आलोक शर्मा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह, पुत्र कार्तिकेय सिंह और कुणाल सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। होली मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने भी आंचलिक लोकगीत ‘मोरी बहू हिरानी है, ए भैया मिले तो बता दईयो’ गाया। मुख्यमंत्री ने अन्य गीतों पर हारमोनियम बजा कर संगत दी।