Kashmir Valley, श्रीनगर, 25 जनवरी (वार्ता) : जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों में गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग पर्यटन स्थलों सहित कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में बारिश और हिमपात हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि केन्द्रशासित प्रदेश की कश्मीर घाटी के अधिकतर स्थानों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात रुक-रुक कर हो रही है। उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान में सुधार के बीच कश्मीर घाटी में अधिकांश स्थानों पर बारिश और हिमपात जारी है और सामान्य जनजीवन प्रभावित है।
Kashmir Valley
विभाग ने बताया कि श्रीनगर में पिछले 24 घंटे में 8.4 मिमी बारिश और 1.0 सेमी हिमपात, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में 17.0 मिमी बारिश और 11.0 सेमी हिमपात हुआ है। जबकि दक्षिण कश्मीर में पर्यटन स्थल पहलगाम में 20.8 मिमी वर्षा और 16.2 सेमी. हिमपात हुआ है। उन्होंने बताया कि इसी दौरान कश्मीर के सीमांत कुपवाड़ा जिला में 12.7 मिमी, कोकेरनाग में 18.4 मिमी बारिश और 14.5 सेमी हिमपात तथा प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में 54.8 मिमी बारिश और 21.0 सेमी हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में आज शून्य से नीचे तापमान दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार रात तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था, जो मौसम की इस अवधि के दौरान तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। उत्तरी कश्मीर का गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान एक दिन पहले शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे की तुलना में शून्य से नीचे 4.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि मंगलवार की रात यह शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कोकेरनाग में तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे की तुलना में शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार कुपवाड़ा जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जो इस अवधि के दौरान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा।
यह भी पढ़ें : कश्मीर में पुलिस ने पांच को आतंकवादी समूह में शामिल होने से बचाया