– कशिश राजपूत
आचार्य चाणक्य की नीतियां और विचार भले ही आपको थोड़े कठोर लगे लेकिन ये कठोरता ही जीवन की सच्चाई है। हम लोग भागदौड़ भरी जिंदगी में इन विचारों को भले ही नजरअंदाज कर दें लेकिन ये वचन जीवन की हर कसौटी पर आपकी मदद करेंगे। आचार्य चाणक्य के इन्हीं विचारों में से आज हम एक और विचार का विश्लेषण करेंगे। आज का ये विचार है कि अगर मनुष्य इन 3 चीजों पर फोकस कर ले तो उसे कोई भी हरा नहीं सकता है।
चाणक्य नीति क्या है?
आचार्य चाणक्य तक्षशिला के गुरुकुल में अर्थशास्त्र के आचार्य थें लेकिन उन्हें राजनीति और कूटनीति में भी महारत हासिल थी। चाणक्य ने एक महत्वपूर्ण ग्रंथ भी रचा जिसका नाम है चाणक्य नीति। इस नीति शास्त्र में जीवन में सफलता कैसे प्राप्त करें, इस संबंध में महत्वपूर्ण नीतियां बताई गई हैं। इन नीतियों का पालन करने वाला व्यक्ति निश्चित रूप से जीवन में हर कदम सफलता प्राप्त करता है और उल्लेखनीय कार्य करता है।
खुद से पूछो ये तीन सवाल फिर कदम-कदम पर मिलेगी कामयाबी…
किसी भी कार्य की सफलता या असफलता उसके लिए की गई योजना पर निर्भर होती है। पूर्व नियोजित ढंग से किए गए कार्य में सफलता प्राप्त होने की संभावनाएं काफी अधिक होती हैं। योजना के साथ ही व्यक्ति की दृढ़ इच्छा शक्ति भी उसे निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करती है।
लक्ष्य कैसे प्राप्त किया जाए… इस संबंध में आचार्य चाणक्य ने बताया है कि किसी भी कार्य की शुरूआत से पहले हमें खुद से तीन सवाल पूछने चाहिए। ये तीन सवाल ही लक्ष्य प्राप्ति में आ रही बाधाओं को पार करने में मददगार साबित होंगे। इसके साथ ही ये कार्य की सफलता भी सुनिश्चित करेंगे। ये तीन प्रश्न हैं-
– मैं ये क्यों कर रहा हूं?
– मेरे द्वारा किए जा रहे इस कार्य के परिणाम क्या-क्या हो सकते हैं?
– मैं जो कार्य प्रारंभ करने जा रहा हूं, क्या मैं सफल हो सकूंगा?