– कशिश राजपूत
मोहनलालगंज के बीजेपी सांसद कौशल किशोर के बेटे ने कुछ लोगों को फंसाने के लिए एक खौफनाक साजिश रची | जिसमें उसने अपने साले को भी शामिल किया | साजिश भी कोई ऐसी वैसी नहीं बल्कि गोली मारने की | गोली किसी को और नहीं मारनी थी | बल्कि उसे खुद पर गोली चलवानी थी और इल्जाम किसी और पर लगाना था | बस इसी साजिश को अंजाम तक पहुंचाने के लिए उसने अपने साले की मदद ली और खुद पर गोली चलवा ली | अब पुलिस ने इस मामले में आयुष और उसके साले आदर्श के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है |
पूछताछ के दौरान सांसद पुत्र आयुष के साले आदर्श ने पूरी साजिश पर से पर्दा उठाते हुए कई राज खोले। आदर्श ने पुलिस को बताया कि आयुष के कहने पर उसने गोली मारी थी। इस गोली कांड में चंदन गुप्ता, मनी जयसवाल और प्रदीप कुमार सिंह को फंसाने का प्लान बनाया गया था।
राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के तकरीबन 2:30 बजे बीजेपी सांसद कौशल किशोर के बेटे को अज्ञात लोगों की ओर से गोली मारने का मामला सामने आया। सांसद के बेटे को गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस टीम के आलाधिकारियों ने घायल बेटे को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।