LPG geyser gas, श्रीगंगानगर 24 जनवरी (वार्ता) : राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में रावतसर थाना क्षेत्र के गांव थालड़का में एक युवा दंपति की बाथरूम में नहाते एलपीजी गीजर की गैस से दम घुटने से मौत हो गई। दंपति को बाथरूम का दरवाजा तोड़कर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक दंपति की पहचान हनुमानगढ़ जंक्शन के समीप गांव मक्कासर निवासी भागीरथ कुम्हार (38) और विमला (35) के रूप में हुई है। घटना की जांच कर रहे एएसआई जसवंतसिंह ने बताया कि भागीरथ गांव थालड़का में अपनी बहन कौशल्या बहनोई विनोद के घर पत्नी सहित आया हुआ था। कौशल्या और विनोद रामदेवरा के मंदिर में धोक लगाने गए हुए हैं। घर में कौशल्या विनोद के बच्चे भी थे। सोमवार को बच्चे पढ़ने गए हुए थ।े घर में भागीरथ और विमला अकेले ही थे। शाम करीब 4 बजे कौशल्या- विनोद की पुत्री कविता स्टडी लाइब्रेरी से घर वापस आई तो दरवाजा अंदर से बंद था। खटखटाने और डोर बेल बजाने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। तब कविता ने पड़ोसियों को बताया। एक पड़ोसी साथ वाले घर की छत से विनोद के घर में गया तो कोई दिखाई नहीं दिया।
LPG geyser gas
पुलिस के मुताबिक बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। खटखटाने पर अंदर से फिर कोई आवाज नहीं आई। अड़ोस पड़ोस के लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो भागीरथ और विमला नग्न अवस्था में अचेत पड़े थे। उन्हें तत्काल रावतसर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने अपने यहां इलाज के समुचित संसाधन नहीं होने के कारण किसी बड़े हॉस्पिटल में ले जाने का कहा। पुलिस के अनुसार दंपति को कल देर शाम हनुमानगढ़ टाउन के सिविल हॉस्पिटल में लाया गया। डॉक्टर ने चेकअप किया तो मृत्यु हो चुकी थी। मृतक के भाई मांगीलाल निवासी मक्कासर द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज की गई है। आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : भाजयुमो ने नव मतदाता अभियान का शुभारंभ किया