Maharastra news: महाराष्ट्र में राज और उद्धव ठाकरे के साथ आने पर भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा नेता नितेश राणे ने कहा कि दोनों के द्वारा आयोजित की जा रही यह संयुक्त रैली हिंदू विरोधी है। इनमें और जेहादी जमावड़ों में कोई अंतर नहीं है। हिंदूओं को कमजोर करने का प्रयास है।
शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए महाराष्ट्र के मंत्री ने ठाकरे भाइयों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हम हिंदू हैं और मराठी होने पर गर्व भी करते हैं। जिस तरह से जिहादी हमारे समाज को विभाजित करने का प्रयास करते हैं.. यह लोग भी ठीक वैसा ही कर रहे हैं। इनका यह प्रयास प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया या सिमी से अलग नहीं है। यह लोग राज्य को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।”
नल बाजार में बंटेंगी मिठाईयां- नितेश राणे
भाजपा नेता ने ठाकरे भाइयों पर राज्य को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा, “इन दोनों की बैठक और रैली का उद्देश्य हिंदुओं और मराठी लोगों की विभाजित करना है। इसकी तुलना हमें पीएफआई और सिमी जैसे संगठनों की रैलियों से कर सकते हैं। इस रैली के बाद सबसे ज्यादा नुकसान हिंदुओं को ही होगा। इसके बाद नल बाजार (मुस्लिम बहुल इलाका) में मिठाईयां बांटी जाएंगी और पटाखे चलेंगे।”
एक तरफ नितेश राणे ने ठाकरे बंधुओं की इस रैली को हिंदू विरोधी बताया तो वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने सुलह का संकेत दिया। उन्होंने कहा, “अगर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे एक साथ आ रहे हैं, तो यह अच्छी बात है। उन्हें हमारी शुभकामनाएं हैं। दोनों भाइयों को एक होना चाहिए और एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर जरूरी हो तो दोनों पार्टियों को विलय पर भी विचार करना चाहिए।” तीन भाषा नीति पर विवाद पर, जिसे अब रद्द कर दिया गया है, मुनगंटीवार ने कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया गया था। मुझे अभी तक समझ नहीं आया कि आखिर इस पर गलतफहमी क्यों फैलाई जा रही है।
इससे पहले उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे दो दशक के बाद एक साथ आए। दोनों ने मिलकर राज्य की फडणवीस सरकार के ऊपर राज्य के स्कूलों में हिंदू थोपे जाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार द्वारा फैसले को वापस लेने का भी जश्न मनाया। राज ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसते हुए कहा कि जो काम बाल साहेब ठाकरे नहीं कर पाए वह काम फडणवीस ने कर दिया। उन्होंने हम दोनों भाइयों को एक साथ लाकर खड़ा कर दिया।