Mahashivratri 2024: मां का निधन अक्षय कुमार को लाया भोलेनाथ के करीब, OMG 2 ने दिखाई महाकाल की महिमा

अक्षय कुमार बॉलीवुड के उन स्टार्स में शामिल हैं, जो महाकाल के भक्त हैं। महाशिवरात्रि के मौके पर एक्टर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी शेयर किया और फैंस को शुभकामनाएं दी। एक्टर ने महाशिवरात्रि के अवसर पर अपने एक इंटरव्यू में बताया कि कैसे वो महादेव के भक्त बने।

अक्षय कुमार कई बार भगवान शिव के लिए अपनी भक्ति दिखा चुके हैं। कुछ समय पहले उनका म्यूजिक वीडियो शंभू रिलीज हुआ था, जिसमें उन्होंने अपनी आवाज भी दी थी। इसके पहले एक्टर ओएमजी 2 में शिव के दूत के किरदार में नजर आ चुके हैं।

अक्षय कुमार ने महाशिवरात्रि के मौके पर बताया कि उनकी मां के निधन के बाद महादेव के साथ उनकी करीबी बढ़ गई। एक्टर ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में कहा, “मेरी मां को खोने के बाद से भगवान शिव के साथ मेरा रिश्ता और मजबूत हो गया है। वो मेरी आत्मा को शांत करते हैं और मुझे महसूस कराते हैं कि मृत्यु के साथ नया जीवन होता है। वो यिन और यांग का जीवित रूप है। अंधेरे के बिना रोशनी और रोशनी के बिना अंधेरा नहीं है। OMG2 सही समय पर मेरे पास आया, ये प्रभु का काम है।”