MP में बढ़ते महिला अपराधों को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

मध्यप्रदेश में महिला अपराधों को लेकर सियासत गरमा गई है। विधानसभा में हंगामे के बाद महिला कांग्रेस सड़क पर उतरी है। शनिवार को महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कांग्रेस ने कहा महिलाओं पर अपराध और अत्याचार कम नहीं हो रहे हैं। सिलसिलेवार रूप से अभियान और आंदोलन चलाए जाएंगे। प्रदेश के हर जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन होगा। इसी कड़ी में बेटी बचाओ पखवाड़ा की भी शुरुआत कांग्रेस करेगी।

प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल बताया कि प्रदेश के सतना जिले में ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी, सहित प्रदेश भर में महिलाओं, युवतियों, नाबालिगों के साथ प्रदेश में लगातार हो रही  की घटनाओं पर कड़ी आपत्ति जताते हुए आज महिला कांग्रेस नेत्रियों द्वारा महिलाओं-बच्चियों की सुरक्षा में नाकाम प्रदेश की नाकारा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर महिला उत्पीड़न को लेकर विरोध दर्ज किया गया।

 विभा पटेल ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं, युवतियों और अबोध-मासूम बच्चियों के साथ शोषण, दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रदेश में दिल दहलाने वाली रोज बलात्कार की लगभग 20 अमानवीय घटनाएं सामने आ रही है, जो इंसानियत को शर्मसार कर रही हैं। प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था के चलते आपराधिक सोच के व्यक्तियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बेखौफ और निड़र होकर घटनाओं को अंजाम देने से नहीं चूक रहे है।