ओडिशा: सड़क हादसे में छह बारातियों की मौत

संबलपुर, (ओडिशा), 31 मार्च (वार्ता) ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में गुरुवार देर रात एक वाहन के नहर में गिर जाने से छह बारातियों के की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये जबकि एक लापता है।
सभी मृतक झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर प्रखंड अंतर्गत बरधरा गांव के रहने वाले हैं और मृतकों में दो मृतक एक परिवार के भाई हैं।

सूत्रों ने बताया कि दोनों घायलों को संबलपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी मृतकों के शवों को संबलपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में रखा गया है। सूत्रों ने बताया कि बारात के ग्यारह सदस्य वाहन में सवार होकर संबलपुर के परमापुर गांव से झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर प्रखंड के बाराधरा गांव लौट रहे थे तभी यह हादसा हो गया। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चला है। वाहन का चालक लापता है। उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
चालक का पता लगने के बाद ही हादसे के बारे में स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

घटना का विवरण देते हुये जीवित बचे लोगों में से एक ने कहा कि वाहन में 11 लोग सवार थे। हालाँकि बारात के लगभग 80 सदस्य पाँच से छह वाहनों में दूल्हे के साथ गए थे, लेकिन शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही यह वाहन विवाह समारोह से निकल गया।