जनसमस्यायों को सुनने के लिये अधिकारी हर रोज दें कम से कम एक घंटा : अनुज झा

जौनपुर 04 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश में जौनपुर के नवागत जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा है कि हर अधिकारी प्रतिदिन एक घंटा जनता दर्शन में अवश्य बैठे और उनकी समस्याओं को सुन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। श्री झा ने कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात जिले में चल रही प्रमुख निर्माण कार्यो एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभाग के द्वारा किये जा रहे अच्छे कार्यो से अवश्य अवगत कराए। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय पोर्टल पर डाटा फिडिंग का कार्य ससमय कराया जाये और समस्त अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन इमानदारी और निष्ठा पूर्वक करे। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इस दौरान जिलाधिकारी ने आकांक्षात्मक ब्लाकों के प्रगति की समीक्षा की और जनपद में चल रही बड़ी परियोजनाओं की जानकारी सम्बन्धित अधिकारी से प्राप्त की। गो-आश्रय स्थलों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि नोडल अधिकारी , एडीओ पंचायत एवं पशुधन प्रसार अधिकारी की संयुक्त टीम पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण करें। इसके उपरान्त जिलाधिकारी द्वारा 1911 में बने ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट भवन एवं अधिकारियों के न्यायालयों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। श्री झा ने कहा है कि जनता की समस्याओं का त्वरित गति से निदान कराना और केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाना मेरी प्राथमिकता होगी। नवागत जिलाधिकारी श्री झा ने बताया कि वे मूल रूप से बिहार में दरभंगा जिले के मूल निवासी है, 2002 में ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद 2003 से जॉब कर रहे है जॉब करते हुए एमए की पढ़ाई पुरी की, उसके बाद तैयारी किया, 2009 में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन हुआ। इससे पूर्व अयोध्या, महोबा, बुलन्दशहर, कनौज, रायबरेली में जिलाधिकारी रह चुके हैँ।