पंजाब की AAP सरकार में तीन साल में 7वीं बार होगा फेरबदल, अब क्या तैयारी; केजरीवाल के भी चर्चे

दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद से ही अरविंद केजरीवाल पंजाब में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने ही चुनाव प्रचार के दौरान ऐलान किया था कि यदि संजीव अरोड़ा को जीत मिली तो वह भगवंत मान सरकार में मंत्री बनाए जाएंगे। अब खबर है कि इसी सप्ताह के अंत तक पंजाब में कैबिनेट विस्तार होगा।

लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। पार्टी कैंडिडेट संजीव अरोड़ा ने जीत दर्ज की है और अब वह राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। कारोबारी संजीव अरोड़ा को इसकी एवज में पंजाब सरकार में मंत्री बनाए जाने की तैयारी है। यही नहीं चर्चा है कि एक महिला समेत दो और नेताओं को मंत्री पद दिया जा सकता है। इसके अलावा एक मंत्री की छुट्टी होने के भी कयास लग रहे हैं। फिलहाल पंजाब में 16 मंत्री हैं, जबकि 18 बनाए जा सकते हैं। इस तरह एक के इस्तीफे के बाद तीन नेताओं की जगह बचेगी। देखना होगा कि संजीव अरोड़ा के अलावा किन दो नेताओं को कैबिनेट में हिस्सा मिलता है।

AAP सूत्रों का कहना है कि कैबिनेट विस्तार में पंजाब के मालवा और माझा क्षेत्र के एक-एक विधायक को शामिल किया जा सकता है। कहा जा रहा है कि पंजाब में कैबिनेट विस्तार से लेकर अन्य तमाम चीजें अरविंद केजरीवाल ही तय कर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद से ही अरविंद केजरीवाल पंजाब में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने ही चुनाव प्रचार के दौरान ऐलान किया था कि यदि संजीव अरोड़ा को जीत मिली तो वह भगवंत मान सरकार में मंत्री बनाए जाएंगे। अब खबर है कि इसी सप्ताह के अंत तक पंजाब में कैबिनेट विस्तार होगा।

कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं तो वहीं एक या दो मंत्रियों से इस्तीफा लिया जा सकता है। संजीव अरोड़ा के अलावा मालवा के एक विधायक को मंत्री बनाने का प्लान है। इसके अलावा एक महिला को एंट्री मिलेगी। इस सप्ताह ही आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की मीटिंग होगी और उसमें ही कैबिनेट को लेकर फैसला लिया जाएगा। इस मीटिंग में ही संजीव अरोड़ा की खाली राज्यसभा सीट से किसे भेजा जाएगा, इस पर भी फैसला होगा। चर्चा जोरों पर है कि उनकी जगह अरविंद केजरीवाल ही संसद पहुंचेंगे, लेकिन खुद आप संयोजक ने इस पर कुछ नहीं कहा है।