राहुल एवं प्रियंका ने पुरातात्विक महत्व के स्थल सिरपुर का किया भ्रमण

राहुल गांधी
राहुल गांधी

रायपुर 25 फरवरी(वार्ता): वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी,कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ महासमुंद जिले के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के स्थल सिरपुर का भ्रमण किया।

सांसद श्री गांधी एवं श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा ने विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मण देवालय मंदिर का दर्शन किया। उन्होंने सुरंग टीला और तिवरदेव बिहार का भी भ्रमण किया। इस दौरान सांसद श्री गांधी ने तिवर देव बिहार के पास पटेल परिवार से भी मुलाकात की।

ज्ञातव्य हैं कि सिरपुर महानदी के तट स्थित एक पुरातात्विक स्थल है।सिरपुर पांचवी से आठवीं शताब्दी के मध्य दक्षिण कोसल की राजधानी थी। सिरपुर में सांस्कृतिक एंव वास्तुकौशल की कला का अनुपम संग्रह हैं। सोमवंशी नरेशों ने यहाँ पर राम मंदिर और लक्ष्मण मंदिर का निर्माण करवाया था। ईंटों से बना हुआ प्राचीन लक्ष्मण मंदिर विश्व प्रसिद्ध दर्शनीय स्थल है। उत्खनन में यहाँ पर प्राचीन बौद्ध मठ भी पाये गये हैं। यह स्थल वैष्णव, शैव, जैन और बौद्ध संस्कृतियों का केन्द्र रहा है।