Rajya Sabha Election: सोनिया पहली बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित, नड्डा सहित ये उम्मीदवार भी निर्विरोध चुने गए

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी राज्यसभा के लिए राजस्थान से निर्विरोध चुनी गईं। वहीं, भाजपा के चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ को भी राज्यसभा के लिए चुना गया है। मंगलवार को नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था। राजस्थान विधानसभा के सचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि किसी अन्य उम्मीदवार ने चुनाव नहीं लड़ा, इसलिए तीनों निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने गए। 

राज्यसभा सदस्य मनमोहन सिंह (कांग्रेस) और भूपेंद्र यादव (भाजपा) का कार्यकाल तीन अप्रैल को समाप्त हो रहा है। भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने विधायक चुने जाने के बाद पिछले साल दिसंबर में इस्तीफा दिया था। जिसके बाद तीसरी सीट खाली थी। राजस्थान की 200 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 115 और कांग्रेस के 70 सदस्य हैं। राज्य में राज्यसभा की दस सीटें हैं। नजीतों के बाद कांग्रेस के छह और भाजपा के चार सदस्य हैं।

गुजरात: जेपी नड्डा को भी राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया
वहीं, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा और पार्टी के तीन अन्य उम्मीदवारों को गुजरात से राज्यसभा के निर्विरोध चुना गया है। राज्यसभा की चार सीटें खाली थीं। सत्तारूढ़ भाजपा के सभी सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए थे।