हरियाणा में अग्निवीरों की सेना में भर्ती प्रक्रिया शुरू

हरियाणा
हरियाणा

चंडीगढ़ 24 फरवरी (वार्ता): केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना के तहत हरियाणा के छह जिलों पंचकूला, अम्बाला, कैथल, करनाल, कुरूक्षेत्र, यमुनानगर और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के लिए सेना में भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है तथा इसके लिए 15 मार्च तक पंजीकरण किया जाएगा।

एक सरकारी प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि यह भर्ती रैली अग्निवीर (सामान्य कर्तव्य), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (लिपिक/स्टोर कीपर तकनीकी) और अग्निवीर (ट्रेडमैन) के लिए आयोजित की जाएगी। अग्निवीर तकनीकी रिक्तियों के लिए आईटीआई योग्य उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी।

प्रवक्ता के अनुसार अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है जिसके पहले चरण में ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी तथा दूसरे चरण में ऑनलाइन परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को भर्ती रैली में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा।