सहारनपुर को मिला विकास योजनाओं की प्रगति की रैंकिंग में पहला स्थान

उत्तर प्रदेश सरकार के समस्त विकास एजेंडा कार्यक्रमों एवं मुख्यमंत्री के प्राथमिकता के विकास कार्यक्रमों के लिए कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग ने अक्टूबर, 2022 की प्रगति के आधार पर प्रदेश के समस्त जनपदों की रैंकिंग जारी की। जिसमें सहारनपुर को रैकिंग में शत-प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान मिला। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी विभाग विकास योजनाओं में प्रथम स्थान बनाने का प्रयास करें। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह हमारे लिए बड़े गर्व का विषय है कि हमने जारी रैकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, लेकिन अधिकारी एवं कर्मचारी इसकी निरंतरता को बनाएं रखें। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि रैंकिग हेतु जनपदों में चल रहे समस्त विकास कार्यक्रमों के निर्धारित बिन्दुओं पर जनपद स्तर पर की गयी कार्यवाही एवं प्रगति को आधार बनाया गया है।

उपरोक्त रैंकिग में सहारनपुर जिला ने शत-प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। सहारनपुर मण्डल के अन्य जिले शामली और मुजफ्फरनगर क्रमशः आठवें एवं 65 वें स्थान पर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे अक्टूबर, 2019 में सहारनपुर ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था, उसके बाद तीन वर्ष बाद जनपद ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान बनाया है।