चार हत्याओं का आरोपी संतोष का शव बरामद, आत्महत्या की आशंका

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद के गंगोलीहाट में चार हत्याओं के आरोपी संतोष राम का शव बरामद कर लिया गया है। उसका शव सोमवार को गांव से सटे जंगल में एक पेड़ से लटकता हुआ मिला। माना जा रहा है कि उसने आत्महत्या कर ली। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) व पुलिस पिछले चार दिन से संतोष राम की सघन तलाशी में जुटी थी। आरोपी की तलाश में नदी-नाले, गाढ़-गधेरों और नेपाल सीमा पर भी संघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस टीम की ओर से आज सुबह गांव से सटे जंगल में तलाशी अभियान चलाया गया। गांव से लगभग तीन-चार किमी दूर जंगल में आरोपी का शव बरामद हुआ। शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है।

पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) लोकेश्वर सिंह ने इसकी पुष्टि की। आरोपी घटना के बाद जंगल में फरार हो गया था। माना जा रहा है कि उसने उसी दिन पेड़ से लटक कर जीवन लीला समाप्त कर दी। गंगोलीहाट पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। पंचनामा की कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। यहां बता दें कि 12 मई की सुबह बुरसुम गांव निवासी संतोष राम ने अपनी ताई हेमंती देवी, ताई की बहू रमा देवी और बेटी माया के साथ ही अपनी पत्नी की गला रेत कर दर्दनाक हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी।