शिवराज घायलों का हालचाल जानने पहुंचे अस्पताल

इंदौश्र, 31 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बेलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हुए हादसे में घायल एक दर्जन से अधिक लोगों को हालचाल जानने यहां अस्पताल पहुंचे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री चौहान विशेष विमान से भोपाल से यहां पहुंचने के बाद एपल हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उनके साथ गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्होंने चिकित्सकों से भी घायलों की स्थिति जानी। वे मरीजों से भी मिले और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि घायलों का बेहतर तरीके से इलाज किया जाएगा।
श्री चौहान ने घटना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी ली। वे कुछ ही देर में घटनास्थल भी जा सकते हैं, जहां राहत एवं बचाव कार्य अब भी जारी है।
इस हादसे में अब तक 35 श्रद्धालुओं की जान जा चुकी है। एक दर्जन से अधिक घायल हैं, जिनका यहां अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा बावड़ी में कुछ और लोगों के फसे होने की आशंका है।