उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून वापसी की ओर है। हरिद्वार समेत राज्य के कई मैदानी इलाकों से मानसून लौट चुका है और अगले तीन दिनों में पूरे प्रदेश से इसकी विदाई हो जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
बुधवार को दून का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के बदलाव से आने वाले दिनों में ठंडक बढ़ने की उम्मीद है।