सर्वसमावेशी व लोक कल्याणकारी बजट-यशोधरा

Yashodhara Raje Scindia
Yashodhara Raje Scindia

Yashodhara Raje Scindia, भोपाल, 01 मार्च (वार्ता) : मध्यप्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सर्वसमावेशी और लोक कल्याणकारी बजट प्रस्तुत हुआ है। यह बजट मध्यप्रदेश में अनंत संभावनाओं की बंद खिड़कियों को खोलने वाला बजट है।
सिंधिया ने कहा कि प्रदेश का बजट समग्र विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप गाँव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान का बजट है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के प्रण और समग्र विकास के संकल्प को आधार देता यह बजट, नया मध्यप्रदेश और सशक्त मध्यप्रदेश की समृद्धि का संकल्प है।

Yashodhara Raje Scindia

खेल मंत्री ने मुख्यमंत्री चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिये खेल विभाग के बजट को बढ़ा कर 738 करोड़ रूपये किया गया है, जो वर्ष 2022-23 की तुलना में लगभग ढाई गुना अधिक है। सिंधिया ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 का सफल आयोजन प्रदेश के 8 शहरों में किया गया। इन खेलों में अभूतपूर्व सफलता के कीर्तिमान स्थापित कर मध्यप्रदेश 39 स्वर्ण, 30 रजत एवं 27 कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में तृतीय स्थान पर रहा है। इस आयोजन से प्रदेश में खेलों के लोकव्यापीकरण एवं नई खेल संस्कृति के विकास को बढ़ावा मिला है।

सिंधिया ने कहा कि प्रदेश में खेलों के विकास के लिये निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भोपाल को स्पोर्टस हब बनाने तथा प्रदेश में स्पोर्टस टूरिज्म को बढ़ाने के मद्देनजर नाथू बरखेड़ा भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्टस कॉम्पलेक्स तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्पोर्टस साइंस सेटंर की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी स्पोर्टस अधो-संरचना को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिली है, जिससे आगामी मार्च में शूटिंग वर्ल्ड कप का आयोजन भी मध्यप्रदेश में किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : प्रदेशव्यापी विकास यात्रा का समापन 26 फरवरी को: शिवराज