कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के मंच पर दिखा BJP सांसद का बेटा, सियासी हलचल तेज

हजारीबाग संसदीय क्षेत्र में सियासी पारा चढ़ गया है। सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के इंडी गठबंधन के प्रत्याशी जयप्रकाश भाई पटेल के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। बरही प्रखंड मैदान में आयोजित इस चुनावी सभा में भीषण गर्मी के बावजूद काफी की संख्या में दूर-दूर गांवों से ग्रामीण पहुंचे थे।

अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष लगातार भाजपा पर हमलावर रहे। उन्होंने भारी जोश के साथ सभा को संबोधित किया। कहा कि मोदी सरकार देश के संविधान को बदल कर रख देना चाहती है। आरक्षण को खत्म कर देना चाहती है। यदि ऐसा हुआ तो फिर से हम गुलाम हो जाएंगे।

उन्होंने हजारीबाग के लोगों से कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील करते हुए कहा कि यहां के उम्मीदवार जेपी भाई पटेल आपके अपने हैं। झारखंड की माटी की लड़ाई इन्होंने लड़ी है। इनके पिता ने आपकी सेवा की है। अब आप इन्हें संसद भेज कर झारखंड को लूटने से बचाइए। झारखंड की माटी के स्वाभिमान की रक्षा कीजिए।

मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा को झूठों की पार्टी बताया। वहीं, कांग्रेस गारंटी कार्ड की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी सरकार बनती है तो हर गरीब परिवार की महिला को एक लाख सालाना देने का काम करेगी।

कल्पना सोरेन ने भाजपा पर साधा निशाना

, सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि इस बार चुनाव भाजपा और त्राहिमाम आम जनता के बीच है। भाजपा को सत्ता में आने के बाद गरीब की आवाज बुलंद करना था, लेकिन भाजपा सरकार ने गरीबों के हक और अधिकार को छीनने का काम किया। भाजपा जुमलेबाजों की सरकार है। 2014 में भाजपा ने रोजगार के नाम पर युवाओं को जो सपना दिखाया था पूरा नहीं हुआ। देश के गरीब, गुरबा व किसान सभी परेशान हैं।

कल्पना सोरेन ने यह भी कहा कि हेमंत सोरेन ने झारखंड के हक और अधिकार के लिए लड़े तो उन्हें ही साजिश के तहत जेल भेजने का काम किया गया। हेमंत सोरेन ने 20 लाख गरीबों को राशन देने का काम किया। लोकसभा चुनाव में इस बार झारखंड की जनता भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार है। वहीं, उन्होंने अपील की कि हजारीबाग में भी गठबंधन के प्रत्याशी जे पी पटेल को भारी मतों से जीत दर्ज कराएं।