ट्रैक्टर खाई में लुढ़का, पांच लोग घायल

बिलावर। रामपुर गढ़ मार्ग पर शनिवार को एक ट्रैक्टर खाई में जा गिरा। इसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चार का इलाज उपजिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक व्यक्ति को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कठुआ रेफर कर किया गया है। सड़क हादसा शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे पेश आया, जब रामपुर गढ़ मार्ग पर एक ट्रैक्टर पर सवार होकर पांच लोग धार सड़क की तरफ जा रहे थे। इस बीच अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में लुढ़क गया। इसमें ट्रैक्टर पर सवार पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सड़क हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को उप जिला अस्पताल बिलावर पहुंचाया। इसमें 32 वर्षीय लाल हुसैन निवासी रामपुर की स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे इलाज के लिए जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया गया। अन्य चार घायलों का इलाज उप जिला अस्पताल बिलावर में चल रहा है। इनकी पहचान 24 वर्षीय गुड्डी बेगम, 30 वर्षीय शहाबद्दीन, 22 वर्षीय रेशमा बेगम और 26 वर्षीय फातिमा बेगम के रूप में हुई है। सभी घायल रामपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है।