सितंबर के महीने में ही दिल्ली-NCR में होने लगा ठंड का अहसास

दिल्ली में लगातार बारिश के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस गिर गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, और इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से बारिश देखने को मिल रही है। बारिश के साथ हवा चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। राजधानी में बुधवार देर रात शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी दिनभर रुक-रुककर जारी रही। इससे मौसम खुशनुमा बना रहा। हवाओं ने ठंड का अहसास कराया। सुहावने मौसम का लोगों ने भी जमकर लुत्फ उठाया। पर्यटन स्थलों पर लोग मस्ती करते नजर आए।

लगातार बारिश से अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस गिर गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे। साथ ही, 25 से 35 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलने का अनुमान है। ऐसे में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

गुरुवार को जब लोग सुबह सोकर उठे तो बारिश ने उनका स्वागत किया। स्कूल जाने वाले बच्चे बारिश से बचने के लिए रेनकोट और छाता लेकर घर से निकलते दिखे। अलग-अलग समय पर विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में रिमझिम बारिश होती रही। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। शाम को भी इलाकों में तेज हवाएं चलीं जिससे हल्की ठंडक का अहसास हुआ।