बांडीपोरा में बर्फ में फंसे 35 वाहन निकाले, इन चार जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी

उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा-गुरेज मार्ग पर रविवार को बर्फ में फंसे 35 वाहनों को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के जवानों ने सुरक्षित निकाल लिया। इन वाहनों सवार लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। यह सभी यात्री राजदान दर्रे पर फंसे हुए थे। इस बीच, जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सोमवार को चार जिलों के ऊंचे इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।

इसमें कहा गया है कि उत्तरी कश्मीर के बारामुला, बांडीपोरा और कुपवाड़ा तथा मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में हिमस्खलन हो सकता है। यह खतरा समुद्र तल से तीन हजार मीटर ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने 30 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। श्रीनगर प्रशासन ने लोगों को झेलम नदी और डल झील समेत अन्य नदी-नालों से से दूर रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने बताया कि तूफान प्रभावित राजदान दर्रे पर करीब 35 वाहन फंसे हुए थे।