राजस्थान में PM मोदी ने 9 और राहुल ने की एक जनसभा, भाजपा रही एक्टिव तो कांग्रेस ने नहीं दिखाई दिलचस्पी

लोकसभा चुनाव में राजस्थान की सभी 25 सीटों पर दो चरण में मतदान सम्पन्न हो चुका है। इस बार चुनाव प्रचार में भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व जहां अधिक सक्रिय नजर आया, वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं ने प्रदेश में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने में अधिक दिलचस्पी नहीं ली। कांग्रेस में प्रदेश के नेताओं ने भी अपने विश्वस्तों के चुनाव अभियान पर ही अधिक जोर दिया।

पीएम मोदी ने किए 9 रोड शो

भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान का गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश में नौ सभा और रोड शो किए। चुनाव अभियान के बीच पीएम ने प्रदेश के नेताओं से लगातार प्रत्याशियों की स्थिति को लेकर फीडबैक भी लिया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेश में छह सभा और दो रोड शो किए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने तीन जनसभा को संबोधित किया। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आठ सभा व दो रोड शो किए तो हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आधा दर्जन सभा की।

भाजपा के नेताओं ने किया लोकसभा क्षेत्रों का दौरा

केंद्रीय मंत्रियों व भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने अलग-अगल लोकसभा क्षेत्रों के दौरे किए। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में एक से अधिक बार दौरा कर जनसभा को संबोधित करने के साथ ही रोड शो किए। राज्य सरकार के मंत्री भी अपने प्रभार वाले जिलों में सक्रिय रहे । उधर कांग्रेस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चार,पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक और राहुल गांधी ने एक दिन में दो जनसभा को संबोधित किया। सोनिया व राहुल प्रदेश में केवल एक दिन के चुनावी दौरे पर रहे।