राहुल जी ये लीजिए आलू इन्हें सोना बना दीजिए’, जवाब में कांग्रेस नेता ने दी Flying Kiss

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन दिनों मध्य प्रदेश से गुजर रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार को जब मध्य प्रदेश के शाजापुर शहर से गुजर रही थी तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे लगाना शुरू कर दिए। राहुल गांधी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को देखकर अपना काफिला रोक दिया और सीधे उनके पास पहुंचे गए।

राहुल गांधी ने पहले भाजपा कार्यकर्ताओं से हाथ मिलाया। जब वह भाजपा कार्यकर्ताओं से मिल रहे थे तो उन्होंने राहुल को आलू पकड़ा दिए और कहा कि इसको सोना बना दो। राहुल गांधी में भाजपा कार्यकर्ताओं की बात का कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन मुसकुराते हुए उन्हें फ्लाइंग किस देकर वासप अपनी यात्रा में शामिल हो गए।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने शनिवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी शासित मध्य प्रदेश में प्रवेश किया। मंगलवार को जब उनकी यात्रा शाजापुर से गुजर रही थी तब एबी रोड पर पार्षद मुकेश दुबे के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा में ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाना शुरू कर दिए। जब राहुल उनसे मिलने पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाए।

बता दें कि राहुल गांधी की यात्रा आज शाम 4:30 बजे उज्जैन पहुंच गई है। शाजापुर में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम चाहते हैं कि युवा पीढ़ी केवल ‘जय श्री राम’ का नारा लगाए और भूख से मर जाए। राहुल गांधी ने जाति आधारित जनगणना की भी वकालत की और कहा कि सर्वेक्षण करने से लोगों के लिए सामाजिक न्याय सुनिश्चित होगा।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च से 6 मार्च तक एमपी में रहेगी। राहुल गांधी ने उज्जैन जिले में स्थित महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की पूजा की। राहुल गांधी जब मंदिर पहुंचे तो वहां मौजूद भीड़ में से लोगों ने मोदी-मोदी के फिर से नारे लगाना शुरू कर दिए।