PM मोदी ने तेजस्वी को बताया बिहार का शहजादा, नेहरू और बाबा साहेब को यादकर कांग्रेस पर किया अटैक

बिहार के दरभंगा में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं आप सभी को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। 500 वर्षों के बाद हमारा इंतजार समाप्त हो गया है। हमारे पूर्वज पिछले 500 वर्षों तक संघर्ष करते रहे, बलिदान देते रहे। शायद हमारे पूर्वजों को पता था कि कभी ना कभी कोई बेटा पैदा होगा, जो 500 साल के इंतजार को पूर्ण करके भगवान राम मंदिर का निर्माण करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अयोध्या में जब राम लाल की प्रतिष्ठा हो रही थी मैंने कहा था कि अब भारत आने वाले 1000 साल का भविष्य लिखेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि 10 वर्षों में हम दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन चुके हैं। कोरोना में पूरी दुनिया सोचती थी, भारत तो गया। भारत तो बर्बाद हो जाएगा। सब सोच रहे थे कि अब क्या होगा, लेकिन उस समय भारत ने दिखाया कि सामर्थ्य क्या होता है। भारत को कोरोना संकट से निकाला।

तेजस्वी व राहुल गांधी पर कसा तंज

तेजस्वी और राहुल गांधी पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जैसे एक शहजादे दिल्ली में हैं, वैसे ही एक शहजादे पटना में हैं। एक शहजादे ने पूरे देश को तो दूसरे ने बिहार को अपनी जागीर समझा है। इनके रिपोर्ट कार्ड में बेलगाम कानून व्यवस्था के सिवाय कुछ भी नहीं है। कैसे इनके समय में लूटपाट, हत्या होती थी। कैसे नौकरी देने से पहले जमीन लिखवा ली जाती थी।

कांग्रेस पर बाबा साहेब की पीठ में छूरा घोंपने का लगाया आरोप

पीएम मोदी ने कहा कि बाबा साहेब और बड़े-बड़े विद्वानों ने लंबी चर्चा के बाद हमारा संविधान बनाया है। बाबा साहेब ने कहा था धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता।

पीएम ने कहा कि नेहरू ने भी इस बात को माना था, लेकिन आज कांग्रेस नेहरू जी के भी खिलाफ जा रही है। कांग्रेस बाबा साहेब की पीठ में छूरा घोंप रही है। उन्होंने आगे कहा कांग्रेस दलितों, आदिवासियों के आरक्षण में डाका डालकर मुस्लिमों को देना चाहती है।