चेन्नई ने गुजरात को 207 रन का लक्ष्य दिया, दुबे का तूफानी अर्धशतक, यूपी के समीर चमके

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के सातवें मैच में डिफेंडिंग चैंपियंस चेन्नई सुपर किंग्स का सामना गुजरात टाइटंस से है। यह मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों ही टीमें अपना-अपना पिछला मैच जीतकर आ रही हैं। ऐसे में चेन्नई और गुजरात, दोनों की नजर जीत के लय को बरकरार रखने पर होगी। चेन्नई ने पिछले मैच में आरसीबी और गुजरात ने पिछले मैच में मुंबई को हराया था। 

चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस के सामने 207 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 206 रन बनाए। शिवम दुबे ने 23 गेंद में 51 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं, यूपी के समीर रिजवी ने छह गेंद में दो छक्के की मदद से 14 रन बनाए। हालांकि, उन्होंने ये दोनों छक्के मौजूदा समय में दुनिया के सबसे बेहतरीन स्पिनर राशिद खान की गेंद पर लगाए। समीर ने अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर फाइन लेग के ऊपर से छक्का जड़ा। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र ने भी शानदार पारी खेली, लेकिन अर्धशतक से चूक गए।

चेन्नई सुपर किंग्स को 184 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। राशिद खान ने शिवम दुबे को विजय शंकर के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए। उन्होंने 22 गेंद में आईपीएल करियर का सातवां अर्धशतक लगाया था। इसके बाद यूपी के समीर रिजवी आए और उन्होंने आईपीएल की अपनी पहली ही गेंद पर राशिद को छक्का लगाया। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर भी छक्का लगाया। 19 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट पर 198 रन है।

16 ओवर के बाद चेन्नई ने तीन विकेट गंवाकर 165 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेरिल मिचेल 12 गेंद में 14 रन और शिवम दुबे 16 गेंद में 41 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अब तक अपनी पारी में चार छक्के लगाए हैं। दोनों के बीच 38 रन की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले ऋतुराज और रचिन 46-46 रन बनाकर आउट हुए थे।

चेन्नई सुपर किंग्स को 13वें ओवर में 127 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। स्पेंसर जॉनसन ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को विकेटकीपर साहा के हाथों कैच कराया। ऋतुराज बतौर कप्तान अपने पहले अर्धशतक से चूक गए। वह 36 गेंद में पांच चौके और एक छक्क की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल शिवम दुबे और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर तीन विकेट पर 128 रन है।