डोडा में खाई में गिरा ओवरलोड वाहन, एक बच्ची सहित पांच की मौत; चार घायल

डोडा जिले में शनिवार को एक वाहन के खाई में गिरने से एक बच्ची सहित पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। सभी घायलों का इलाज उपजिला अस्पताल डोडा में चल रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। सभी लोग स्थानीय बताए जाते हैं। पुलिस (Doda Police) के अनुसार शाम 7.15 बजे एक ईको वाहन ठाठरी से करहवा जा रहा था। खानपुरा पहुंचने पर चालक का नियंत्रण नहीं रहा और वाहन करीब 150 फीट खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही लोग मौके पर जमा हो गए।

चार घायलों में दो बच्चियां भी शामिल

पुलिस को भी जानकारी दी गई। तुरंत राहत अभियान चलाया गया। मशक्कत के बाद खाई में जाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन में और बाहर गिरे घायल लोगों को ऊपर सड़क पर लाकर एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, डाक्टरों ने पांच घायलों को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों में दो बच्चियां भी शामिल हैं।

डोडा इस कारण से सड़क हादसे की दर ज्यादा

मृतकों की पहचान (28) मुख्तियार अहमद, रियाज अहमद, इरिना बेगम, मोहम्मद रफी के रूप में हुई है। एक बच्ची की पहचान नहीं हुई है। बता दें कि डोडा जिले में दुर्घटनाओं की दर अधिक है। दुर्घटनाओं के कारणों में खराब सड़क स्थिति से लेकर लापरवाही से वाहन चलाना और उचित सड़क सुरक्षा उपकरणों की अनुपलब्धता शामिल है