इंग्लैंड ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ नहीं बना सका तो पीएम मोदी कैसे बना सकते हैं: राहुल गांधी

Rahul Gandhi
Rahul Gandhi

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ टिप्पणी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अंग्रेज भी भारत से सबसे पुरानी पार्टी को मिटा नहीं सके।

शुक्रवार को मुंबई में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “जब मोदी जी आए तो उन्होंने कहा ‘कांग्रेस मुक्त भारत’…लेकिन जब दुनिया की महाशक्ति इंग्लैंड इसे हासिल नहीं कर सका, तो वह कैसे हासिल कर पाएंगे?”

दादर में कांग्रेस कार्यालय में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह कांग्रेस ही थी जिसने अंग्रेजों को देश से बाहर निकाला।

राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की जीत तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में दोहराई जाएगी। उन्होंने इंडिया ब्लॉक पर भी भरोसा जताया और कहा कि गठबंधन लोकसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को हराएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कांग्रेस से ”डरते” हैं और भगवा पार्टी ”महाराष्ट्र से बाहर” हो जाएगी।

कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में विभाजित नहीं हुई क्योंकि यह विचारधारा पर आधारित है। कांग्रेस के सहयोगी दल -शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में पिछले एक साल में राज्य में विभाजन देखा गया और इसके कई नेताओं ने भाजपा से हाथ मिला लिया।