Israel-Hamas War: ‘केवल दो राष्ट्र समाधान ही दोनों पक्षों के बीच ला सकेगा स्थायी शांति’, गाजा संघर्ष पर भारत

इस्राइल और हमास के बीच पांच महीने से अधिक समय से युद्ध जारी है। सभी देश कोशिश कर रहे हैं की जंग थम जाए। इसके लिए नए-नए प्रस्ताव लाए जा रहे हैं। हालांकि फिर भी हालात ठीक होते नहीं दिख रहे हैं। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि भारत दो-राष्ट्र समाधान का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां इस्राइल की सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फलस्तीनी लोग एक स्वतंत्र देश में खुलकर जी सकें।

भारत की स्थिति स्पष्ट रही है
वीटो के इस्तेमाल पर सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक को संबोधित करते हुए कंबोज ने कहा कि संघर्ष पर भारत की स्थिति स्पष्ट रही है और कई मौकों पर यह कहा गया है।

सीधी और सार्थक बातचीत जरूरी
उन्होंने कहा, ‘दोनों पक्षों के बीच सीधी और सार्थक बातचीत के जरिए हासिल किया गया केवल दो राष्ट्र समाधान ही स्थायी शांति ला सकेगा। भारत दो-राष्ट्र समाधान का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है जहां फलस्तीनी लोग इस्राइल की सुरक्षा जरूरतों का सम्मान करते हुए सुरक्षित सीमाओं के भीतर एक स्वतंत्र देश में खुलकर रह सकें।’

भारत के स्थायी दूत ने तनाव को कम करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, ‘स्थायी समाधान पर पहुंचने के लिए हम हिंसा करने से बचने, सभी बंधकों को रिहा करने, उकसावे वाली कार्रवाइयों से बचने और सीधी शांति वार्ता जल्द शुरू करने की स्थितियां बनाने की दिशा में काम करने का आग्रह करते हैं।’