महिला से दुर्व्यवहार के मामले में दो कर्मचारी निलंबित, दो की सेवाएं समाप्त

Sagar News
Sagar News

Sagar News, सागर, 26 मार्च (वार्ता) : मध्यप्रदेश के सागर जिले के देवरी में एक महिला से बिजली कर्मचारियों के द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के मामले में दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि आउट सोर्स के दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गयी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिला कलेक्टर दीपक आर्य के निर्देश पर मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड सागर के अधीक्षण यंत्री (संचालन/ संधारण) वृत्त ने क्वेश कार्प प्रा.लिमि.,बंगलरू के आउट सोर्स के 2 कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई है। इसी प्रकार कंपनी के सागर संभाग रहली के अधीनस्थ वितरण केंद्र देवरी में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में पदस्थ दो दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। जिले के देवरी थाना अंतर्गत कौशल किशोर वार्ड देवरी में कल बिजली उपभोक्ताओ के घर राजस्व की वसूली करने पहुंचे विद्युत कर्मियों द्वारा मौके पर मौजूद बुजुर्ग महिला से आपत्तिजनक व्यवहार का मामला सामने आया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है।

Sagar News

यह मामला कलेक्टर आर्य के संज्ञान में आते ही उनके निर्देश पर आउट सोर्स के विद्युतकर्मी अकुशल कार्मिक विवेक रजक और अर्धकुशल कर्मी मनोज कुमार चढ़ार को तत्काल सेवा से पृथक किया गया। साथ ही विवेक रजक के विरुद्ध थाना देवरी में एफआईआर भी दर्ज की गई है। आरोपी विवेक रजक को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। देवरी ( ग्रामीण) में पदस्थ देवेंद्र मिश्रा लाइन परिचारक श्रेणी दो को राजस्व वसूली कार्य में बिजली उपभोक्ताओं से अशालीन व्यवहार करने, कर्त्तव्य में उदासीनता और लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय संभाग कार्यालय सागर कर दिया गया है। एक अन्य देवरी( शहर) में पदस्थ लाइन परिचारक श्रेणी दो शिवकुमार शर्मा को भी राजस्व वसूली के कार्य के दौरान सम्मानीय विद्युत उपभोक्ता से शालीनतापूर्वक व्यवहार न कर कर्तव्यपालन में उदासीनता/ लापरवाही बरतने के फलस्वरुप तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उनका मुख्यालय भी संभाग कार्यालय सागर नियत किया गया है एवं संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी स्थापित की गई है।

यह भी पढ़ें : NADDA: नड्डा ने मंत्रोच्चार के बीच किया नए भाजपा प्रदेश कार्यालय का भूमिपूजन