प्याज की माला पहन कर लोगों ने किया प्रदर्शन, कहा कीमते कम करने पर सरकारा का नहीे हो रहा कोई प्रयास ं

प्याज के लगातार बढ़ते दाम के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व डोगरा फ्रंट शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने किया। इस दौरान लोगों ने प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार पर कोई प्रयास नहीं करने का आरोप लगाया। प्याज की बढ़ती कीमतों के खिलाफ डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने जम्मू शहर के रानी पार्क इलाके में रैली निकाली। रैली में शामिल संगठन के कार्यकर्ता प्याज का बना हार अपने गले में पहने हुए थे।
ऐसे में वे लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गए। इनका कहना था कि प्याज की कालाबाजारी करने वाले व्यापारियों के खिलाफ जब तक सरकार कार्रवाई नहीं करेगी, तब तक इसके दाम कम नहीं होंगे। ये कारोबारी नई फसल आने से पहले दाम ज्यादा कर भारी मुनाफा कमा रहे हैं।
ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह इनको सबक सिखाए और आम लोगों को राहत दे। इस मौके पर आशीष, अमित, देवेंद्र, रूपलाल, किशोर, कालू, प्रेम आदि मौजूद रहे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि नवरात्र के दौरान प्याज के दाम सामान्य थे, लेकिन पर्व बीतते ही इसमें एकदम से तेजी आई। इस समय बाजार में प्याज 60 रुपये में मिल रहा है।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्याज के बड़े कारोबारियों की जमाखोरी की वजह से इसके दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसे लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। गुप्ता ने कहा कि प्याज हर घर में प्रयोग होता है। गरीब आदमी महंगाई से बचने के लिए प्याज-रोटी खाकर गुजारा करने को मजबूर है, लेकिन अब उससे यह भी छीना जा रहा है। दूध-दही पहले ही उसकी पहुंच से बाहर हो गए हैं।
दाल, आटा, चावल, जीरा व अन्य मशाले, तेल आदि इतने महंगे हैं कि मेहनत मशक्कत कर जीवन बसर करने वालों के लिए दो जून की रोटी का इंतजाम करना मुश्किल है। ऐसे में सरकार अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रही है।