रेल यातायात पर पड़ी किसान आंदोलन की मार, कटड़ा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन आज रहेगी रद

पंजाब में जारी किसान आंदोलन (Kisan Andolan 2024) की मार दूसरे दिन भी रेल यातायात पर पड़ी है। गुरुवार को जम्मू से कानपुर सेंट्रल के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 12470 रद रही। जबकि, शुक्रवार को श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 22478 को भी रद कर दिया गया है।

इसके अलावा बाड़मेर से जम्मू के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 14662 नई दिल्ली तक ही आई और वहीं से वापस बाड़मेर लौट गई। इसके साथ ही तिरुपति से जम्मू तवी के बीच चलने वाली रेलगाड़ी को अंबाला, चंडीगढ़, साहनेवाल के रास्ते जम्मू तवी लाया गया। जबकि, नई दिल्ली से माता वैष्णो देवी कटड़ा आ रही ट्रेन संख्या 22461 को नई दिल्ली, जाखल, धुरी, गिल के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचाया गया।